दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। जनपद में फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत मंगलौर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2016 में हुए चर्चित “लंढौरा बवाल” के दो मुख्य आरोपी, जो पिछले 10 वर्षों से फरार चल रहे थे, कोतवाली मंगलौर पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है।

2016 में मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लंढौरा में हुए सामुदायिक विवाद के बाद बवाल हो गया था। इस दौरान पथराव,आगजनी जैसी बड़ी घटनाएं हुई थी।पुलिस ने मामले में कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तारियां की थी। तभी से दो मुख्य आरोपी फरार चल रहे थे। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पूरे जनपद में वारंटियों एवं फरार अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।बताया गया है कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर द्वारा अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश और सुरागरसी की जा रही थी।
पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वर्ष 2016 के लंढौरा बवाल प्रकरण से जुड़े दोनों वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी थे। गिरफ्तार आरोपियों के नाम जाहिद पुत्र कल्लू प्रधान, निवासी ग्राम कासमपुर, थाना पथरी और कुर्बान पुत्र महबूब, निवासी ग्राम बुढाहेड़ी, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों को नियमानुसार गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीमवरिष्ठ उप निरीक्षक सुखपाल मान,उप निरीक्षक अशोक सिरसवाल, कांस्टेबल सिकन्दर, विक्रान्त शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies