News

17-05-2026 21:21:42

12 घंटे में खुली धमकी की पोल: हरिद्वार को बम से उड़ाने की कॉल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

डायल 112 पर दी थी दहशत फैलाने की धमकी, कोतवाली नगर पुलिस ने मोबाइल ट्रेस कर दबोचा


दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को कोतवाली नगर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को दबोचकर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया।

घटना 17 मई 2026 की रात्रि की है, जब सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर आगामी चार दिनों के भीतर हरिद्वार को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी दी। कॉलर ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देश और राज्य के मुख्य पदाधिकारियों के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना व0उ0नि0 गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई।पुलिस ने त्वरित तकनीकी जांच के माध्यम से धमकी देने वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस किया, जिसमें आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत (30 वर्ष) पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। आरोपी को रोडीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अत्यधिक शराब के नशे में यह हरकत की। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

हरिद्वार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां संभावित दहशत पर समय रहते विराम लगा, वहीं यह भी स्पष्ट संदेश गया है कि अफवाह और धमकी फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies