News

17-05-2026 12:28:06

चुनाव खत्म होते ही बढ़ी महंगाई, कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::



भगवानपुर। विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल-डीजल सहित आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ाए जाने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव एवं भगवानपुर विधानसभा प्रभारी विकास त्यागी ने ग्राम खजुरी में आयोजित बैठक में कहा कि “चुनाव खत्म, वसूली शुरू” भाजपा का पुराना चरित्र रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान वोट बैंक को साधने के लिए सरकार ने कीमतों को स्थिर रखा, लेकिन चुनाव बीतते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस जनविरोधी कदम का विरोध करेगी और जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों का विरोध दर्ज कराएगी।

विकास त्यागी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद सरकार आम उपभोक्ताओं को राहत देने के बजाय टैक्स बढ़ाकर अपनी आय बढ़ाती है। उन्होंने इसे जनता की जेब पर सीधा प्रहार बताया।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य राज सैनी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल को तत्काल जीएसटी के दायरे में लाया जाना चाहिए। उनका कहना था कि ऐसा होने से पूरे देश में ईंधन की कीमतें कम और स्थिर होंगी, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी।

‘आम आदमी की जेब और थाली’ पर असर

यूथ कांग्रेस कमेटी रुड़की के महामंत्री हार्दिक त्यागी ने कहा कि ईंधन की बढ़ती कीमतों से मध्यम वर्ग और गरीब तबके का बजट बिगड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई को वैश्विक संकट का हवाला देकर नहीं टाल सकती, क्योंकि इसका सीधा असर सब्जी, राशन और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।

यूथ कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि बढ़ी हुई कीमतें वापस नहीं ली गईं तो पार्टी जनता के हक में आंदोलन करने को बाध्य होगी।

बैठक में विश्वजीत पवार, सौरभ त्यागी, विक्रांत पुंडीर, विनय कुमार सैनी, मनोज शर्मा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies