
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। एम्बिशन पब्लिक स्कूल में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री दीपक पंवार ने मेधावी छात्रों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि दीपक पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी निरंतर परिश्रम करते रहें और अपने माता-पिता व विद्यालय का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो सफलता निश्चित मिलती है।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री विश्वास सिंह पंवार ने कहा कि प्रतिभा किसी क्षेत्र या शहर की मोहताज नहीं होती, बल्कि ग्रामीण परिवेश से भी विद्यार्थी अपनी लगन और मेहनत से ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं। निदेशक विपुल पंवार ने कठिन परिश्रम को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निदेशक सोनम रॉस पंवार ने कहा कि निरंतर प्रयास और समर्पण ही श्रेष्ठ परिणाम दिलाते हैं।
कक्षा 10वीं में लक्ष्य सैनी ने 92.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया तथा बेस्ट डिसिप्लिन अवार्ड भी प्राप्त किया। सक्षम गुप्ता और तेजस्वी परमार ने 91.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सक्षम गुप्ता को हाईएस्ट अटेंडेंस अवार्ड और तेजस्वी परमार को बेस्ट हैंडराइटिंग अवार्ड से सम्मानित किया गया। लक्ष्य आवाना, साताक्षी तिवारी, आयुषी और आर्यन को पोटेंशियल स्टार अवार्ड प्रदान किया गया।

कक्षा 12वीं में अविका शर्मा ने 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सर्वेक्षणी ने 94.20 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा उन्हें हाईएस्ट अटेंडेंस एवं स्टार स्कॉलर अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। आशु पंवार ने 93.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया और बेस्ट हैंडराइटिंग अवार्ड जीता।
इसके अतिरिक्त विशा, अक्षित, महिमा, कार्तिक, काशिश, मानवी, निराली, सक्षम और ओम सहित कुल 20 से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही बच्चों ने यह सफलता प्राप्त की है। विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies