
मुजफ्फरनगर का आरोपी गिरफ्तार, दो साथी फरार
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। झबरेड़ा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब शादी समारोह के दौरान 3 वर्षीय मासूम अचानक लापता हो गया। खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। परिजनों की सूचना पर हरकत में आई झबरेड़ा पुलिस ने महज 20 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
ग्राम भगतोवाली निवासी अमरेश कुमार ने 14 मई 2026 को अपने तीन वर्षीय पुत्र आयु के लापता होने की सूचना दी। मामला दर्ज होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मोबाइल लोकेशन ट्रैक की और एसओजी व सीआईयू रुड़की की मदद से सुरागरसी शुरू की।
जांच के दौरान गरजा उर्फ गजे पुत्र मक्कू सिंह निवासी सकरपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया गया। सख्ती से पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों मांगेराम और रविंद्र के नाम उजागर किए। पुलिस जब सकरपुर गांव की ओर बढ़ी तो पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास पीपल के पेड़ के नीचे एक व्यक्ति मासूम को लेकर खड़ा मिला।
पुलिस टीम को देखते ही वह बच्चा छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मासूम आयु को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां परिवार ने राहत की सांस ली, वहीं क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies