दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी गांव के समीप स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में उस समय सनसनी मच गई जब वहां के बाथरूम में एक युवक का लहूलुहान शव मिला। उसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। 

मिली जानकारी के मुताबिक, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के बसेड़ी गांव निवासी 39 वर्षीय आशीष नशे की लत से ग्रसित था। नशे से छुटकारा दिलवाने के लिए करीब तीन माह पूर्व उसके परिजनों ने उसे भंगेड़ी गांव स्थित अनमोल नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। आज सुबह केंद्र में भर्ती एक मरीज जब बाथरूम में गया तो वह वहां का नजारा देखकर सन्न रह गया।
बाथरूम में आशीष का शव लहूलुहान स्थिति में पड़ा हुआ था उसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। उसने शोर मचाया तो अन्य मरीज और केंद्र संचालक मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई केंद्र में मौजूद प्रत्येक व्यक्ति से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी आदि भी खंगाले है। माना जा रहा है कि केंद्र के अंदर भर्ती किसी मरीज ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के परिजनों को भी मामले की जानकारी दी गई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies