
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। किसानों की विभिन्न समस्याओं और 13 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (रोड) ने सोमवार को बड़ा आंदोलन करते हुए शासन प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए और संगठन के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई।
भाकियू रोड के कार्यकर्ता और किसान रुड़की तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की। किसानों ने कहा कि लंबे समय से उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है, जिससे किसान आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए सैकड़ों किसान भाकियू रोड गुट से जुड़े। किसानों ने कहा कि “उत्तराखंड के किसानों की ताकत पदम सिंह रोड हैं” और संगठन किसानों की आवाज को लगातार बुलंद कर रहा है।
भाकियू रोड के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि किसानों के मुद्दों को हर स्तर पर उठाया जाएगा और किसी भी किसान के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से ले, अन्यथा संगठन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।
प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने कहा कि किसान आज बिजली, पानी, फसल भुगतान, गन्ना मूल्य और अन्य मूलभूत समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाकियू रोड किसानों के हक की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा और किसानों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।
प्रदेश सचिव प्रदीप त्यागी ने कहा कि संगठन गांव-गांव जाकर किसानों को जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसानों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है। किसान नेताओं ने साफ कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies