
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)
रुड़की। भारत विकास परिषद 'समर्पण' शाखा रुड़की द्वारा होटल दीप रेजिडेंसी में वर्ष 2026-27 के लिए नवीन कार्यकारिणी का अधिष्ठापन समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा रहे।

सेवा और संस्कार ही मूल मंत्र
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और 'वंदे मातरम' के गायन के साथ हुआ। शाखा के पुन: निर्वाचित अध्यक्ष इंजीनियर राकेश कुमार गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि परिषद के पांच सूत्र-संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण ही हमारी प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा, "किसी भी कार्य की सफलता टीम भावना पर निर्भर करती है। सदस्यों ने मुझ पर जो विश्वास जताकर पुनः जिम्मेदारी सौंपी है, मैं उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करूँगा।" इस दौरान पूर्व सचिव विशाल गोयल ने पिछले सत्र की उपलब्धियों की विस्तृत ऑडियो-विजुअल रिपोर्ट प्रस्तुत की।


सांस्कृतिक संरक्षण पर जोर
अधिष्ठापन अधिकारी व प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने नए पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें भारतीय संस्कृति की मजबूती के लिए कार्य करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि प्रांतीय अध्यक्षा डॉ. मनीषा सिंधल ने समर्पण शाखा के प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के कार्यों की सराहना की। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि परिषद से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है। उन्होंने जोर दिया कि यदि हम अच्छी सोच के साथ आगे बढ़ेंगे, तो गांव, प्रदेश और राष्ट्र की उन्नति सुनिश्चित है। उन्होंने रुड़की के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।


नई कार्यकारिणी की घोषणा
सत्र 2026-27 के लिए कार्यकारिणी घोषित की गई, जिसमें इंजी. राकेश कुमार गर्ग (अध्यक्ष), सोमेन करमाकर (सचिव), डॉ. मनोहर अरोड़ा (वित्त सचिव), डॉ. अजय भार्गव व श्रीमती रश्मि जैन (उपाध्यक्ष), पंकज गुप्ता (संगठन सचिव) मनोनीत किए गए। इसके अलावा मुजीब मलिक, निखिल पंत, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. प्रदीप रस्तोगी और रितिका गुप्ता को विभिन्न संयोजक पदों की जिम्मेदारी दी गई। कार्यक्रम में IMA के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. संजीव गर्ग को सम्मानित किया गया।
साथ ही शाखा को टीबी उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण जैसे कार्यों के लिए प्रांतीय स्तर पर तीन पुरस्कारों से नवाजा गया। अंत में सचिव सोमेन कर्माकर के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। संचालन दिलीप प्रधान, रितिका गुप्ता व प्राची गोयल ने किया। कार्यक्रम में प्रोफेसर राजेश चन्द्रा, डॉ. मनमोहन कुमार गोयल, डॉ. संजय जैन, डॉ. राजीव गोयल सहित विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी व गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies