News

11-05-2026 16:56:17

केदारनाथ यात्रा से लौटते समय लापता हुई महिला बिहार से सकुशल बरामद, हरिद्वार पुलिस की तत्परता से चर्चित मामले का हुआ पटाक्षेप...

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


लक्सर। केदारनाथ धाम यात्रा से लौटते समय लापता हुई 28 वर्षीय महिला को हरिद्वार पुलिस ने बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया है। बीते कई दिनों से यह मामला सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों की सुर्खियों में बना हुआ था। महिला की बरामदगी के साथ ही चर्चित प्रकरण का सफल पटाक्षेप हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 06 मई 2026 को मनीष अग्रहरि पुत्र दलीप अग्रहरि निवासी मछरिया रोड, थाना नोबस्ता, कानपुर (उत्तर प्रदेश) ने कोतवाली लक्सर में सूचना दी थी कि उनकी पत्नी प्रज्ञा (उम्र 28 वर्ष) का अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण कर लिया गया है। सूचना के आधार पर कोतवाली लक्सर में मु0अ0सं0 430/26 पंजीकृत किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में थाना पुलिस और एसओजी रुड़की की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मैनुअल व तकनीकी सहायता से लगातार खोजबीन करते हुए संभावित स्थानों पर परिजनों के साथ सघन तलाश अभियान चलाया।

अथक प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने महिला को बेगूसराय (बिहार) से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ केदारनाथ धाम की यात्रा पर गई थी। वापसी के दौरान देहरादून में दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद ट्रेन यात्रा के दौरान वह पति से अलग होकर चली गई थी।

महिला की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया है। पुलिस अधिकारियों ने अपील की है कि पति-पत्नी के बीच किसी भी प्रकार का विवाद होने पर परिजनों या परिचितों की मदद लें, आवेश में घर छोड़कर जाना या अलग हो जाना समस्या का समाधान नहीं है।

पुलिस टीम में प्रवीण सिंह कोश्यारी (SHO लक्सर), उ0नि0 नितिन चौहान, उ0नि0 विपिन कुमार, हे0का0 विनोद कुमार, रियाज अली, कानि0 राजेन्द्र सिंह बिष्ट, म0कानि0 रीतू शर्मा एवं एसओजी टीम रुड़की हरिद्वार शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies