
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। इंपीरियल एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन, मतलबपुर रुड़की में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी रुड़की को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। आरोप है कि कॉलेज प्रबन्धन ने छात्रवृत्ति में घोटाला किया है इसके साथ ही पैसे लेकर कर्मचारियों को भर्ती किया है। वहीं धरनारत लोगों ने कॉलेज को अनुदान सूची से बाहर किए जाने की मांग की है।


ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कॉलेज प्रबंधन द्वारा अनुदान नियमों की अनदेखी कर कार्य किया जा रहा है तथा ट्रस्ट के भीतर भी विवाद की स्थिति है। भूमि लीज से संबंधित प्रकरण में भी अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि लीज डीड में कथित रूप से बदलाव कर निजी लाभ पहुंचाया गया।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वर्ष 2019 में लीज की धनराशि में भारी वृद्धि की गई, जिससे आर्थिक अनियमितता की आशंका उत्पन्न होती है। इसके अतिरिक्त कॉलेज पर पूर्व में छात्रवृत्ति घोटाले में संलिप्त होने का भी आरोप लगाया गया है, जिसमें न्यायालय में चार्जशीट दाखिल होने का उल्लेख किया गया है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित मानकों से अधिक प्रवेश लेकर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया।आरोप है कि पूर्व में एवं वर्तमान में की जा रही भर्तियों में भी पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और प्रबंधन समिति पर पैसे लेकर नियुक्ति करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि कई लोगों से करोड़ो की रकम ली गई है जिस संबंध में पीड़ितों द्वारा कई बार कोतवाली गंगनहर में नामजद तहरीर दी गई लेकिन आज तक किसी तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि कॉलेज को अनुदान सूची से हटाया जाए तथा समस्त प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने नगर निगम रुड़की के समक्ष शांतिपूर्ण धरना देने की अनुमति भी मांगी है। ज्ञापन सौंपने वालो में रोमी अग्रवाल,अमित कुमार,दीपक, गितेंद्र सैनी,जयप्रकाश शर्मा,राजेंद्र,बिन्नी,राजेश कुमार,दीपक सैनी आदि उपस्थित रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies