News

10-05-2026 16:45:05

ज्वालापुर में विकास की अनदेखी का आरोप, युवा नेता अमित कुमार बिट्टू ने कांग्रेस विधायक पर साधा निशाना

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता एवं विधानसभा चुनाव के प्रबल दावेदार अमित कुमार बिट्टू ने वर्तमान कांग्रेस विधायक पर क्षेत्र के विकास की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी साफ दिखाई दे रही है और विधायक इन समस्याओं को दूर करने में भी असफल साबित हो रहे हैं।

रुड़की के एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए अमित कुमार बिट्टू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जहां प्रदेशभर में विकास कार्यों की झड़ी लगी हुई है, वहीं ज्वालापुर विधानसभा विकास के मामले में पिछड़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक अपनी पूरी निधि भी विकास कार्यों में खर्च नहीं कर पा रहे हैं, जिसके चलते सड़कों की हालत खराब है और गड्ढा मुक्त सड़कों का दावा जमीनी हकीकत से कोसों दूर है।

उन्होंने यह भी कहा कि विधायक चहेते ठेकेदारों को कार्य दे रहे हैं और स्थानीय ठेकेदारों की उपेक्षा की जा रही है। एक जनप्रतिनिधि का दायित्व क्षेत्र का समग्र विकास करना होता है, लेकिन यहां के जनप्रतिनिधि व्यक्तिगत हितों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

अमित कुमार बिट्टू ने कहा कि उनके सक्रिय होने से खुद को जमीनी नेता बताने वाले कुछ नेताओं की राजनीतिक जमीन खिसकनी शुरू हो गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार, आधुनिक रिसर्च लैब की स्थापना, खेल मैदानों के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और टिकट के अन्य दावेदार भी हैं। यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें अवसर देता है तो वह ज्वालापुर विधानसभा को विकास की नई दिशा देने का कार्य करेंगे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies