
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। नेहरू स्टेडियम के समीप स्थित खिलौनों के गोदाम में लगी भीषण आग पर काबू पाने वाले दमकल कर्मियों एवं स्थानीय युवक को व्यापार मंडल के महामंत्री कमल चावला द्वारा नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा उपस्थित रहे।


इस अवसर पर प्रदीप बत्रा, कमल चावला, मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अग्निकांड के पीड़ित को दोबारा रोजगार शुरू करने के लिए लगभग एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता एकत्र कर प्रदान करने की घोषणा की।

सम्मानित किए गए दमकल कर्मियों में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी उदयवीर सिंह यादव, लीडिंग फायरमैन विपिन कुमार सैनी, चालक विपिन सिंह तोमर, चालक मोहन सिंह नेगी, फायरमैन सुनील बन्दोलिया, दिनेश चौहान और सुनील सिंह पंवार शामिल रहे। इसके अलावा आग बुझाने में साहस का परिचय देने वाले चाय विक्रेता युवक इकराम को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम संयोजक कमल चावला ने बताया कि बीती चार मई को नेहरू स्टेडियम के पास खिलौनों के गोदाम में आग लग गई थी, जिसे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पूरी रात कड़ी मशक्कत कर बुझाया। उन्होंने सभी दमकल कर्मियों को 5100-5100 रुपये नकद तथा युवक इकराम को 3100 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। साथ ही उन्होंने अपनी ओर से पीड़ित व्यापारी को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि अग्निशमन विभाग के जवानों ने जिस साहस और समर्पण के साथ पूरी रात आग पर काबू पाया, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मियों का सम्मान समाज का दायित्व है। बत्रा ने पीड़ित व्यापारी को 11 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा करते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के सहयोग से करीब एक लाख रुपये की राशि एकत्र कर उन्हें दी जाएगी, ताकि वह दोबारा अपना रोजगार शुरू कर सकें।व्यापार मंडल महामंत्री कमल चावला ने कहा कि संकट की घड़ी में दमकल कर्मियों और स्थानीय युवाओं ने जिस बहादुरी का परिचय दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल हमेशा समाजहित के कार्यों में आगे रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित व्यापारी को हरसंभव मदद दी जाएगी, ताकि वह जल्द से जल्द अपने पैरों पर खड़ा हो सके। इस अवसर पर मेयर अनीता अग्रवाल, पार्षद ताहिर अहमद, क्रिकेट कोच देवेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies