
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। ट्राफिक पुलिस लाइन में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव पहुंचीं, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर यातायात प्रबंधन की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से आम जनता की ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों से भी उनकी समस्याएं जानीं और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का भरोसा दिलाया।
एसपी ट्रैफिक ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी जनता के साथ शालीन और संयमित व्यवहार रखें तथा शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बिना हेलमेट वाहन चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग करने और नो-एंट्री का उल्लंघन करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा डग्गामार और अवैध वाहनों के खिलाफ अभियान को और तेज करने को कहा गया। उन्होंने बताया कि शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए पार्किंग व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है और नए पार्किंग स्थलों के चयन की प्रक्रिया जारी है। आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत अलग टीम गठित कर नियमित पेट्रोलिंग कराई जाएगी।एसपी ट्रैफिक ने कहा कि पुलिस आम जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies