
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। नगर निगम रुड़की में दुकानदारों को किराया जमा होने के बावजूद कथित रूप से बकाया रसीद और नोटिस भेजे जाने के मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित बाबू, अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यदि किसी दुकानदार द्वारा नगर निगम का किराया जमा किए जाने के बाद भी उसे झूठी बकाया रसीद या नोटिस जारी किया गया है तो यह गंभीर लापरवाही और अनियमितता मानी जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी हरिद्वार एवं रुड़की नगर निगम के मुख्य नगर अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि यदि जांच में कोई अधिकारी, बाबू या कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि नगर निगम की संपत्तियां जनता की धरोहर हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies