
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शिवपुरम पनियाला रोड स्थित ज्ञानदीप पब्लिक इंटर कॉलेज (अंग्रेजी माध्यम) का गुरुवार को भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की अत्याधुनिक भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला का भी फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ममतेश कुमार शर्मा, अध्यक्ष बीएसएम शिक्षण संस्थान एवं अध्यक्ष प्रबंधक एसोसिएशन उत्तराखंड, तथा विशिष्ट अतिथि रजनीश कुमार शर्मा, सचिव बीएसएम शिक्षण संस्थान रुड़की, ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने प्रयोगशाला में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अजय कौशिक, प्रधानाचार्य बीएसएम इंटर कॉलेज, भानु प्रताप गौतम एडवोकेट, देवेश गौतम एवं विकास धीमान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ममतेश कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञानदीप पब्लिक इंटर कॉलेज क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। वहीं रजनीश कुमार शर्मा ने विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान निरंतर शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
विद्यालय के प्रबंधक वासुदेव पंत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के बच्चों को कम शुल्क में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies