News

06-05-2026 20:03:14

भोरी डेरा महापंचायत में गरजे पदम सिंह रोड, बोले किसानों की आवाज दबाने वालों को मिलेगा जवाब...


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। रुड़की क्षेत्र के ग्राम भोरी डेरा में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (रोड) की विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों किसान, मजदूर, संगठन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। महापंचायत में कई लोगों ने संगठन की नीतियों से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की और किसान हितों की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया। पंचायत की अध्यक्षता शराफत ने तथा संचालन इंदर रोड ने किया।

महापंचायत को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी पदम सिंह रोड ने कहा कि किसानों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन लगातार किसानों के हितों की अनदेखी कर रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग पहले संगठन में रहकर दिन-रात काम करने की बातें करते थे, लेकिन आज वही लोग संगठन को बदनाम करने में जुटे हुए हैं क्योंकि उन्हें यहां “दलाली” करने का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग फर्जी संगठन खड़ा कर किसानों को गुमराह करने और किसान एकता को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

चौधरी पदम सिंह रोड ने कहा कि उनका किसी भी जमीन विवाद से कोई लेना-देना नहीं है और उनके खिलाफ लगाए जा रहे जमीन कब्जाने के आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें सुनियोजित साजिश के तहत फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी के पास उनके खिलाफ कोई ठोस प्रमाण है तो वह सार्वजनिक रूप से पेश करे।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रहे हैं क्योंकि वह लगातार किसानों और मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाए जो किसान हितों के खिलाफ माहौल बनाने में लगे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने कहा कि ऊर्जा निगम द्वारा स्मार्ट मीटर, बिजली कटौती और बिलों में गड़बड़ी कर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों का बकाया भुगतान अब तक न किया जाना किसानों की उपेक्षा का जीता-जागता उदाहरण है।

राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप त्यागी ने कहा कि कुछ लोग भारतीय किसान यूनियन के नाम पर अलग संगठन बनाकर किसानों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग न तो किसान हैं और न ही उनका किसान हितों से कोई सरोकार है, बल्कि उनका उद्देश्य केवल भ्रम फैलाना और दलाली करना है।

महापंचायत में कारी शहजाद, राजबीर रोड, नरेश प्रधान, गजेंद्र सिंह, विकास शर्मा, अनीस प्रधान, प्रवीण कुशवाहा, अब्दुल कारी, पवन रोड, लखन सिंह रोड, रिजवान, कय्यूम, हलीम, नौशाद, हाजी इरशाद, भूरा, राजेश, ताज मोहम्मद, रजत रोड, रिफाकत, रामदास समेत हजारों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies