News

06-05-2026 17:47:39

प्रशासन का कड़ा प्रहार: रामपुर जन सेवा केंद्र पर छापा, भारी अनियमितताओं के चलते केंद्र सील...



दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। रामपुर क्षेत्र में संचालित जन सेवा केंद्रों (CSC) पर आज प्रशासन का चाबुक चला। संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में रामपुर स्थित एक जन सेवा केंद्र में भारी खामियां पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य केंद्र संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।


संयुक्त मजिस्ट्रेट ने जब रामपुर जन सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया, तो वहां अव्यवस्थाओं का अंबार मिला। केंद्र पर शासन द्वारा निर्धारित मानक ताक पर रखे मिले। मौके पर अनिवार्य ई-डिस्ट्रिक्ट रजिस्टर और आवश्यक सरकारी अभिलेख उपलब्ध नहीं थे। केंद्र के संचालन में कई तकनीकी और प्रशासनिक खामियां पाई गईं। ट्रांजेक्शन और आवेदनों का कोई उचित रिकॉर्ड संधारित नहीं किया गया था।

तत्काल कार्रवाई और सख्त निर्देश

अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सख्त रुख अपनाया और केंद्र को अग्रिम आदेशों तक सील करने का फरमान जारी कर दिया। मौके पर मौजूद केंद्र कर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में नियमों के सख्त अनुपालन की हिदायत दी गई।

जेएम दीपक रामचंद्र शेट ने कहा कि जन सेवा केंद्र आम जनता की सुविधा के लिए हैं, न कि नियमों की धज्जियां उड़ाने के लिए। पारदर्शिता और मानकों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी केंद्र निर्धारित नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ इसी तरह की कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी सेवाओं के नाम पर जनता के साथ खिलवाड़ या अभिलेखों में हेराफेरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई का उद्देश्य डिजिटल सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और बिचौलियों के प्रभाव को खत्म करना है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies