

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के सख्त निर्देशों के बाद मंगलवार को एआरटीओ रुड़की ने आरटीओ कार्यालय के आसपास चल रही अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध सीएससी सेंटरों और अवैध रूप से परिवहन संबंधी कार्य कर रहे लोगों पर छापेमारी की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

एआरटीओ प्रशासन जितेंद्र कुमार और आरटीओ प्रवर्तन (एनफोर्समेंट) केके पड़ियाल के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान आरटीओ कार्यालय के बाहर संचालित कई दुकानों और सेंटरों की गहन जांच की गई। टीम ने एक दुकान से महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप, प्रिंटर और अन्य उपकरण बरामद कर जांच के लिए सील कर दिए।

छापेमारी की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग अपनी दुकानें बंद कर मौके से हटते नजर आए। करीब आधे घंटे तक चले अभियान के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा रही।
कार्रवाई के दौरान आरटीओ कार्यालय के पास संचालित एक सेकेंड हैंड कार डीलर के प्रतिष्ठान की भी जांच की गई। जांच में आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित शुल्क जमा न मिलने पर प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
एआरटीओ प्रशासन जितेंद्र कुमार ने कहा कि परिवहन विभाग से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं आरटीओ प्रवर्तन केके पड़ियाल ने बताया कि विभाग द्वारा आगे भी लगातार अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies