
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक ने आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर रुड़की क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए खेल स्टेडियम निर्माण तथा सोनाली पार्क के पुनर्निर्माण व सौंदर्यकरण के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

इस अवसर पर गौरव कौशिक ने कहा कि रुड़की के युवा प्रतिभा, ऊर्जा और अनुशासन का अद्भुत उदाहरण हैं। यदि उन्हें उचित संसाधन और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो वे राज्य और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल स्टेडियम का निर्माण कराया जाए, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिल सके।साथ ही उन्होंने सोनाली पार्क के पुनः निर्माण और सौंदर्यकरण की मांग उठाते हुए कहा कि पार्क के विकसित होने से क्षेत्रवासियों, विशेषकर बच्चों और युवाओं को एक सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण मिलेगा।
गौरव कौशिक ने इस दौरान पश्चिम बंगाल, असम एवं पांडिचेरी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी का सरल स्वभाव, युवा नेतृत्व और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता प्रेरणादायक है। उनके नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।मुख्यमंत्री ने ज्ञापन पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies