
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
रुड़की। अम्बर तालाब क्षेत्र स्थित नेहरू स्टेडियम के समीप रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक गिफ्ट सेंटर के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नेहरू स्टेडियम के पीछे “विन्नी गिफ्ट सेंटर” नाम से संचालित दुकान के साथ ही उसी स्थान पर उसका गोदाम भी बना हुआ है। शाम के समय अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि गोदाम में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा।

प्रारंभिक जानकारी में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। गोदाम में बड़ी मात्रा में सजावटी और ज्वलनशील सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
आग लगने की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नेहरू स्टेडियम के पीछे की गलियां संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंगलौर और भगवानपुर से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।
गोदाम रिहायशी क्षेत्र में होने के कारण आसपास के मकानों में आग फैलने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोग अपने घरों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाते नजर आए। क्षेत्र में दहशत का माहौल है।पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies