News

04-05-2026 22:33:03

रामपुर चुंगी में किसान नेता के पुत्र पर हमला-मारपीट के बाद हवाई फायरिंग से मची दहशत..

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर चुंगी स्थित मंडी मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ लोगों ने भारतीय किसान यूनियन (तोमर) से जुड़े एक किसान नेता के पुत्र के साथ मारपीट कर दी और इसके बाद ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर चुंगी मंडी स्थित मार्केट में भाकियू (तोमर) के नेता तालिब के पुत्र की बिजली की दुकान है। बताया गया है कि दुकान पर किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उसका मामूली विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ भी की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट के बाद आरोपियों ने हवाई फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।इस संबंध में एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि दो पक्षों के बीच झगड़े का मामला सामने आया है। फायरिंग की सूचना भी मिली है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि शहर में लगातार दूसरे दिन फायरिंग की घटना सामने आई है। बीते रोज सोत मोहल्ले में भी एक युवक पर गोली चलाने का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से शहरवासियों में चिंता का माहौल है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies