
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
रुड़की।रुड़की क्षेत्र में दहशत फैलाने की नीयत से की गई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का गंगनहर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जानलेवा हमले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सफलता की जानकारी एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने पत्रकार वार्ता में दी।

घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि 25 अप्रैल 2026 को वादी दिलशाद पुत्र सागर, निवासी ग्राम पाली गुर्जर, ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर देकर बताया कि 19 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि को सौरभ, विपुल, दक्ष, प्रणव और आदित्य नामक व्यक्तियों ने उसके घर पर धावा बोलते हुए उसके पुत्र सूहेल को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था। तहरीर के आधार पर थाना गंगनहर में गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के डिजिटल साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
3 मई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने पनियाला मुर्गी फार्म क्षेत्र से मुख्य आरोपी सौरभ पुत्र संजय, निवासी डिफेंस कॉलोनी रुड़की, को एक 315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए, जिसके आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराओं में बढ़ोतरी की गई।

इसी क्रम में दूसरे आरोपी शोएब पुत्र हाजी राव, निवासी डांधेरा, को रेलवे अंडरपास क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक मणि भूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उप निरीक्षक दीप कुमार, उप निरीक्षक नवीन कुमार, पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल अरविंद भाटी, कांस्टेबल प्रभाकर, नितिन, महिपाल सिंह (CIU) और रविंद्र खत्री (CIU) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।गंगनहर पुलिस की इस सख्त और रणनीतिक कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं है—कानून से खिलवाड़ करने वालों को हर हाल में सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies