
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। शहर में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आदर्शनगर क्षेत्र में 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नाले का शिलान्यास मेयर अनीता अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस परियोजना के पूर्ण होने पर आदर्शनगर, सोलानी पुरम समेत आसपास के क्षेत्रों को जलभराव से मुक्ति मिलने की उम्मीद है।

आदर्शनगर स्थित पेट्रोल पंप के समीप आयोजित कार्यक्रम में मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान थे और नाले के निर्माण की मांग लगातार की जा रही थी। उन्होंने बताया कि नया नाला आदर्शनगर पेट्रोल पंप के पास स्थित पुराने नाले से जोड़ते हुए सोलानी नदी तक ले जाया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सकेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रयास है कि बारिश से पहले शहर के अन्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में भी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए जाएं।वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी ने कहा कि भाजपा विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जनप्रतिनिधियों का लक्ष्य है कि शहर को बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए।
पार्षद सचिन कश्यप ने कहा कि क्षेत्र के लोग पिछले कई वर्षों से इस समस्या से जूझ रहे थे। नाला निर्माण शुरू होने से अब लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।इस अवसर पर पार्षद नवनीत शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजमोहन सैनी, सीमा, अजय त्यागी, अम्बरीष चौधरी, अमित चौधरी और विनीत प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies