News

04-05-2026 12:54:49

भरे बाजार में फायरिंग करने वाले शातिरों पर हरिद्वार पुलिस का सटीक प्रहार बीच बाजार दहशत फैलाने वाले दो आरोपी दबोचे, तमंचा-कारतूस व बाइक बरामद

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। सोत मोहल्ले में भरे बाजार फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

तहसील स्थित कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि सोत मोहल्ले में एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान मोबाइल चलाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष के कुछ युवकों ने गुलशेर पुत्र जमील निवासी ग्राम बिझौली पर बीच बाजार तमंचे से फायर कर दिया।

पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली रुड़की में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ गाली-गलौज और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच उप निरीक्षक सुभाष जखमोला को सौंपी गई।

घटना का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन एवं प्रभारी निरीक्षक प्रदीप विष्ट के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

सक्रिय मुखबिर तंत्र की सूचना पर पुलिस टीम ने कलियर रोड नहर पटरी गुमटी के पास से दो आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ पुत्र आजाद निवासी कस्बा बरला, जिला मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) और साकिब पुत्र रियाजुल निवासी ग्राम तेलीवाला पाडली गुर्जर, रुड़की (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है।पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक धर्मेन्द्र राठी, उप निरीक्षक सुभाष जखमोला, उप निरीक्षक वीरेश खत्री, हेड कांस्टेबल नूर अहमद, कमल, इतेन्द्र ध्यानी और शूरवीर शामिल रहे।फिलहाल फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies