News

03-05-2026 22:53:02

तेज रफ्तार कार ने मचाया कहर: तीन वाहनों को मारी टक्कर, युवक गंभीर

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जब एक कार सवार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए दो से तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक आई-10 कार बीएसएम की ओर से मालवीय चौक की तरफ तेज गति से आ रही थी। बताया गया है कि बीएसएम लॉ कॉलेज के सामने चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार ने अपाची बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद भी कार चालक नहीं रुका और वाहन को आगे बढ़ाते हुए शेखपुरी की ओर मुड़ रही एक अन्य कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से दूसरी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मालवीय चौक के समीप कार को रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में चालक युवक के साथ एक युवती भी मौजूद थी और दोनों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। घायल युवक की हालत गंभीर बताई गई है और उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

इस संबंध में गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि कार चालक युवक ने अपना नाम सोरन थापा बताया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies