
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। शहर में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री पूजा गुप्ता ने गैस कीमतों में हालिया वृद्धि को छोटे व्यापारियों और गरीब परिवारों पर सीधा हमला बताया
है।
उन्होंने कहा कि कल ही कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹993 की भारी बढ़ोतरी हुई है, जबकि पिछले दो महीनों में सिलेंडर के दाम करीब ₹1800 तक बढ़ चुके हैं। ऐसे में सड़क किनारे रेहड़ी, पटरी और खोमचे लगाकर आजीविका चलाने वाले छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
पूजा गुप्ता ने कहा कि “ईश्वर की कृपा से मेरे अपने होटल और बड़े व्यवसाय हैं, लेकिन मेरा मन उन छोटे भाई-बहनों के लिए व्यथित है जो रोज मेहनत कर अपने परिवार का पेट पालते हैं। मोमोज, चाऊमीन, इडली-सांभर या डोसा बेचने वाले छोटे स्टॉल संचालक आज महंगाई के आगे घुटने टेकने को मजबूर हैं। जब कुछ ही दिनों में सिलेंडर के दाम इतनी तेजी से बढ़ जाएं, तो वे अपना घर कैसे चलाएंगे?”
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आंकड़ों की बढ़ोतरी नहीं है, बल्कि उन परिवारों पर सीधा वार है जिनका चूल्हा गैस के दाम पर निर्भर करता है। साथ ही वे लोग भी प्रभावित होंगे जो महंगे होटलों में नहीं जा सकते और छोटे ढाबों व ठेलों के सहारे भोजन करते हैं।
पूजा गुप्ता ने आरोप लगाया कि महंगाई और कालाबाजारी ने आम आदमी के आत्मसम्मान और आजीविका दोनों पर गहरी चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि “गरीब की थाली से आखिरी निवाला छीनने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हक की लड़ाई जारी रहेगी।”

उन्होंने सरकार से कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में तुरंत राहत देने और छोटे व्यापारियों के लिए विशेष सहायता पैकेज की मांग की है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies