
केएलडीएवी पीजी कॉलेज सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ, दर्शक रह गए दंग
दीपक मिश्रा, डॉ. भारत अरोड़ा व डॉ. प्रगति त्यागी ने जादू कला को बताया अद्भुत
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की।केएलडीएवी पीजी कॉलेज के मैदान के सामने स्थित कॉलेज सभागार में शनिवार को जादूगर सम्राट शक्ति का भव्य शो शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेस क्लब रुड़की के अध्यक्ष दीपक मिश्रा, बीएसएम पीजी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर व वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. भारत अरोड़ा, उनकी नन्हीं बेटी तानी तथा स्किल डेवलपर डॉ. प्रगति त्यागी ने रिबन काटकर किया।

शो के दौरान जादूगर सम्राट शक्ति ने एक लड़की को तीन हिस्सों में काटने का हैरतअंगेज करतब दिखाया। इस दृश्य को देखकर दर्शक दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए, वहीं कुछ लोगों ने अपनी आंखें बंद कर लीं। लेकिन जब जादूगर ने लड़की को दोबारा जोड़कर जीवित खड़ा कर दिया, तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इसके अलावा जादूगर ने जलते हुए कागज को डिब्बे में डालकर फूलों की माला निकालना, रुमाल से कबूतर बनाना समेत कई रोमांचक प्रस्तुतियां दीं। हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। प्रेस क्लब रुड़की के अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि जादू एक ऐसी कला है जो हमेशा से लोगों को आकर्षित करती रही है।
आज के डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में भी जादूगर अपनी कला से लोगों के दिलों में खास जगह बनाए हुए हैं। यह कला असंभव को संभव दिखाकर हमें आश्चर्यचकित करती है और मनोरंजन का बेहतरीन माध्यम है।
डॉ. भारत अरोड़ा ने कहा कि जादू केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एक अद्भुत कला और विज्ञान का संगम है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों और युवाओं में जिज्ञासा और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। डॉ. प्रगति त्यागी ने कहा कि जादू की दुनिया हमें यह सिखाती है कि हर असंभव दिखने वाली चीज के पीछे मेहनत, अभ्यास और कौशल छिपा होता है।
ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में मैनेजर नावेद ने सभी अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies