दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। उत्तराखंड सरकार में खाद्य आयुक्त सचिन कुर्वे के निर्देश पर प्रदेशभर की सब्जी मंडियों में चल रहे विशेष अभियान के तहत आज नई मंडी रुड़की में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने औचक निरीक्षण किया।

हरिद्वार एफडीए की टीम ने सुबह मंडी परिसर में विभिन्न फल और सब्जी विक्रेताओं की दुकानों पर बिक रहे खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान तरबूज, केला, खरबूज सहित अन्य फलों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
जांच के दौरान केला पकाने वाले गोदामों में प्रयोग की जा रही गैस का भी निरीक्षण किया गया। कुछ स्थानों पर फल पकाने के लिए इस्तेमाल की जा रही गैस का वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिस पर विभाग ने संबंधित संचालकों और कंपनियों को नोटिस जारी किया।

अधिकारियों ने बताया कि लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया में होने की बात सामने आई है, लेकिन बिना वैध लाइसेंस गैस का उपयोग नियमों के विरुद्ध है। विभाग ने मंडी समिति और व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए कि फलों को पकाने के लिए केवल एथिलीन गैस का ही प्रयोग किया जाए।
अभियान में उत्तराखंड में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) के अंतर्गत उपायुक्त गढ़वाल क्षेत्र आरएस रावत, दिलीप जैन, योगेंद्र पांडे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश शर्मा सहित विभागीय टीम मौजूद रही।खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies