दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
लक्सर। मुकेश पाल के नेतृत्व में खाद्य आपूर्ति विभाग की चार सदस्यीय टीम ने लक्सर क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण कर छापेमारी की। विभागीय कार्रवाई से क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान राम राणा फिलिंग स्टेशन, हबीबपुर कुड़ी, एम वी फिलिंग स्टेशन, नमारा हबीबपुर कुड़ी तथा रायसी डीजल सेंटर, रायसी में कई खामियां मौके पर पाई गईं। टीम ने व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड और मूलभूत सुविधाओं की जांच की, जिसमें निर्धारित मानकों के अनुरूप कमियां सामने आईं।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी मूलभूत सुविधाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें। साथ ही आगामी चार धाम यात्रा को देखते हुए ईंधन का पर्याप्त एवं सुरक्षित स्टॉक बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। संतोषजनक उत्तर न मिलने की स्थिति में नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मदन रावत, दिवेश कुमार शर्मा तथा तोशनाथ शर्मा भी निरीक्षण टीम के साथ मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies