News

30-04-2026 14:14:45

71 आम के पेड़ों की कटाई का मामला ठंडे बस्ते में, एक माह बाद भी नहीं हुई कंपाउंडिंग

दैनिक रुड़की ब्यूरो::



रुड़की। मंगलौर स्थित अब्दुल कलाम चौक के समीप एक बाग में काटे गए आम के पेड़ अब भी मौके पर पड़े-पड़े सूख रहे हैं। विभागीय कार्रवाई के अभाव में करीब एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कंपाउंडिंग की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई

गौरतलब है कि बीते मार्च माह में अब्दुल कलाम चौक के पास स्थित एक बाग में 71 आम के पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया था। मामले के उजागर होने के बाद उद्यान विभाग ने बाग स्वामी, जो मंगलौर के पूर्व विधायक के पुत्र बताए जा रहे हैं, के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

बताया गया है कि नियमानुसार काटे गए पेड़ों को मौके से उठाने से पूर्व कंपाउंडिंग की प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है। इसके तहत बाग स्वामी अथवा ठेकेदार को निर्धारित जुर्माना राशि विभाग में जमा करनी होती है। जुर्माना जमा होने के बाद ही लकड़ी को उठाने की अनुमति दी जाती है।

हालांकि सूत्रों के अनुसार बाग स्वामी और ठेकेदार द्वारा विभागीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में रहने के बावजूद अब तक कंपाउंडिंग की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी है। इस कारण सभी कटे हुए आम के पेड़ अब भी वहीं पड़े हुए हैं और सूख रहे हैं।

सूत्रों का यह भी कहना है कि पूर्व विधायक के पुत्र अब इस मामले में विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में हैं और जल्द ही मीडिया के समक्ष अपना पक्ष रख सकते हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं इस संबंध में उद्यान विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी तेजपाल का कहना है कि मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है अग्रिम कारवाई उन्हीं के स्तर से की जानी है। 

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies