News

29-04-2026 19:06:04

जनगणना में लापरवाही पर नगर निगम सख्त, 15 कर्मियों को नोटिस; तहरीर दर्ज कराने की तैयारी

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


हरिद्वार।जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। निगम प्रशासन ने सहयोग न करने वाले कुल 15 कर्मियों को नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेशों का पालन न करने पर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम हरिद्वार द्वारा जारी नोटिस में जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 का उल्लेख करते हुए संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे पत्र प्राप्त होते ही तत्काल प्रभाव से जनगणना कार्य का दायित्व ग्रहण करें। यदि निर्धारित आदेशों की अवहेलना की गई तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध तहरीर दर्ज कराई जाएगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आदेश की अनदेखी करने की स्थिति में भारतीय दंड संहिता की धारा 187 के अंतर्गत भी कार्रवाई की जाएगी। यह धारा लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा से संबंधित है, जिसके तहत दंडात्मक प्रावधान लागू होते हैं।नोटिस प्राप्त करने वालों में मध्य गंगा नहर गुण नियंत्रण खंड-2 के 8 कर्मचारी शामिल हैं, जबकि शेष शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षक एवं अन्य स्टाफ हैं। नगर निगम ने कहा है कि जनगणना जैसे संवेदनशील और राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन ने सभी संबंधित कर्मियों से अपेक्षा की है कि वे तत्काल कार्यभार संभालते हुए जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करें। अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित कर्मियों की स्वयं की होगी।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies