दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। थाना क्षेत्र के बेडपुर में एसी के पानी के पाइप को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसियों ने पिता-पुत्रों पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिरान कलियर के बेडपुर निवासी मोहम्मद रिहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल को उन्होंने अपने घर में एसी लगाया था, जिसका पानी निकालने वाला पाइप रास्ते के पास नाली में डाला दिया था। इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले मोहसिन, मोबिन, जुनैद और जावेद उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए पाइप हटाने की मांग की।
आरोप है कि इस दौरान उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़ित के अनुसार वह अपने पिता और भाई के साथ दोपहर में अपने होटल पर चले गए। इसी बीच आरोपी लाठी-डंडों और लोहे के सरियों के साथ वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। हमले में रिहान उनके पिता सनाउल्लाह और भाई घायल हो गए।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर घायलों को अस्पताल भिजवाया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies