दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज के प्रांगण में छात्राओं के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा मौजूद रहे। उनके साथ मनीषा बत्रा, रेवरेंड राकेश चार्ली, अनीता सिंह, संजय मुकुंदं एवं सीमा कुमार ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा पुष्प अर्पित कर तथा एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया गया। महाविद्यालय की प्रबंधिका जे. सिंह, सहायक प्रबंधिका दीपिका चार्ली, प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव एवं प्रवक्ताओं ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। रेवरेंड राकेश चार्ली द्वारा प्रभु वंदना तथा अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ। छात्राओं ने स्वागत गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया।
छात्राओं ने देश की विविध संस्कृतियों पर आधारित सामूहिक नृत्य, स्टैंडअप कॉमेडी तथा पुराने गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदीप बत्रा ने हेमवती नंदन बहुगुणा विश्वविद्यालय से गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली छात्राएं निकिता सैनी, शैंकी सैनी, प्राची पवार एवं अभिलाषा को सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर आयोजित प्रधानमंत्री रैली में चयनित महाविद्यालय की छात्रा अंबिका थपलियाल को उत्तराखंड का गौरव बढ़ाने पर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।समारोह में रैंप वॉक भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें मिस मैथोडिस्ट का खिताब श्रेया भटनागर, मिस ऑलराउंडर खुशबू, मिस बिहेवियर श्रेया, मिस इंटेलिजेंट खुशी तथा सांत्वना पुरस्कार लायबा नूर को प्राप्त हुआ। अंत में मिस फेयरवेल को ताज एवं पुरस्कार दीपिका चार्ली द्वारा प्रदान किया गया।
डॉ. रकम सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में विदाई प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies