दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। रुड़की के सिद्धार्थ एंक्लेव में मंदिर और सड़क की भूमि पर कथित कब्जे के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर पैमाइश कराई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट के आदेश पर नायब तहसीलदार युसूफ अली के नेतृत्व में पहुंची प्रशासनिक टीम ने भूमि की नापजोख की। इस दौरान कब्जे का आरोप झेल रहे राजस्व अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि संबंधित राजस्व अधिकारी ने मंदिर और सड़क की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। इस संबंध में वे कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं। उनका कहना है कि पूर्व में हुई पैमाइश में भी अतिक्रमण की स्थिति सामने आई थी, लेकिन अब तक कब्जा नहीं हटाया गया।
तीन दिन पूर्व कॉलोनीवासी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट से मिले थे, जिसके बाद उन्होंने नायब तहसीलदार युसूफ अली को दोबारा पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। आदेश के अनुपालन में प्रशासनिक टीम ने आज सुबह मौके पर पहुंचकर भूमि की दोबारा पैमाइश की।
कॉलोनीवासियों के अनुसार ताजा पैमाइश में एक बार फिर जमीन पर कब्जे की स्थिति सामने आई है। नायब तहसीलदार ने बताया कि पैमाइश की रिपोर्ट ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंप दी जाएगी और उनके आगामी निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और कॉलोनीवासी अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies