दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घोसीपुरा में अवैध खनन को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार देर रात खनन माफिया द्वारा एक ग्रामीण के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर ग्रामीण को बेरहमी से पीटा गया और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया, ताकि घटना का कोई सबूत न रहे।
पीड़ित रिसालत अली ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।ग्राम निवासी हाकम अली का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन हो रहा है और इसका विरोध करने वालों को धमकाया जा रहा है। उनका आरोप है कि पूर्व में भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि दिन-रात सरकारी जमीनों पर खनन किया जा रहा है और शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और सुरक्षा की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies