
दैनिक रुड़की
देहरादून। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) उत्तराखंड के चेयरमैन संजय अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्धन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नए राज्य नेतृत्व का परिचय देते हुए प्रदेश में संचालित औद्योगिक गतिविधियों और पहलों की विस्तृत जानकारी साझा की।
बैठक में राज्य में ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा औद्योगिक विकास को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने ऊधम सिंह नगर के सितारगंज और देहरादून के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्रों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन के विस्तार में तेजी लाने की मांग रखी।
इसके साथ ही औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए सोलर नेट मीटरिंग की सीमा बढ़ाकर 5 मेगावाट करने तथा पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग को रियायती दरों पर बिजली उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया गया।
CII की ओर से मुख्य सचिव की अध्यक्षता में ‘पॉलिसी एडवोकेसी’ के लिए एक संयुक्त टास्क फोर्स गठित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसमें उद्योग जगत और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल करने की बात कही गई। यह टास्क फोर्स नई नीतियों पर नियमित संवाद स्थापित कर उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में सहायक होगी।
इस अवसर पर CII उत्तराखंड के पूर्व चेयरमैन मनु कोचर तथा निदेशक एवं प्रमुख गौरव लांबा भी मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies