दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। तहसील क्षेत्र के सिद्धार्थ एंक्लेव में मंदिर और सड़क की भूमि पर कथित कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। कॉलोनीवासियों ने एक राजस्व अधिकारी पर सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से शिकायत की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
तहसील स्थित कार्यालय पहुंचे स्थानीय लोगों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट को बताया कि कॉलोनी में मंदिर और सड़क के लिए चिन्हित भूमि पर एक राजस्व अधिकारी द्वारा कब्जा किया गया है। उनका कहना है कि विभिन्न विभागों द्वारा कराई गई पैमाइश में इस कब्जे की पुष्टि हो चुकी है और संबंधित दस्तावेज भी उनके पास मौजूद हैं।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अवैध कब्जे की पुष्टि होने के बावजूद तहसील प्रशासन कार्रवाई से बचता नजर आ रहा है, जिससे कॉलोनीवासियों में रोष है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
मामले में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने नायब तहसीलदार यूसुफ अली को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान शिकायतकर्ताओं में रघुनाथ सिंह, सुधीर कुमार, अरुण वर्मा, सुशील सैनी, विकास कुमार और भास्कर सैनी समेत अन्य कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies