दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)
रुड़की। चारधाम यात्रा के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नारसन बॉर्डर पर यात्रियों को विशेष ‘यात्रा क्लीनिंग किट’ वितरित की जा रही है। परिवहन विभाग की पहल पर ग्रीन कार्ड बनवाने पहुंचे श्रद्धालुओं को यह किट निःशुल्क प्रदान की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने में सहायता मिल सके।
चारधाम यात्रा शुरू होने के साथ ही नारसन बॉर्डर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में परिवहन विभाग के अधिकारी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित कर रहे हैं।
मौके पर रुड़की एआरटीओ जितेंद्र चौहान और केके पलड़िया स्वयं उपस्थित रहकर किट वितरण और ग्रीन कार्ड प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं तथा यात्रियों से संवाद कर उनकी सुविधाओं की जानकारी ले रहे हैं।
वितरित की जा रही ‘यात्रा क्लीनिंग किट’ में निम्नलिखित सामग्री शामिल है—
वोमिट बैग (उल्टी थैली)
यूरिनल बैग (मूत्र थैली)
सैनिटाइज़र (हाथ साफ करने का द्रव)
वेट वाइप्स (गीले टिश्यू पेपर)
मास्क (चेहरा ढकने का सुरक्षा कवच)
डस्टबिन बैग (कचरा थैली)
अधिकारियों के अनुसार इस किट का उद्देश्य यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखना, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी रोकना और यात्रियों को स्वास्थ्य संबंधी असुविधाओं से बचाना है। परिवहन विभाग का कहना है कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies