दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। रुड़की तहसील परिसर में कराए गए सौंदर्यकरण कार्यों का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रदीप बत्रा और जिला अधिकारी मयूर दीक्षित ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर तहसील परिसर में पूर्व में स्थापित कंप्यूटर सेंटर के प्रथम बैच का भी उद्घाटन किया गया। मंत्री और जिलाधिकारी ने कंप्यूटर कक्षा की छात्राओं को बैग वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रशासन द्वारा तहसील के मुख्य द्वार का नवनिर्माण कराया गया है तथा बाहरी दीवारों पर आकर्षक कलाकृतियों के माध्यम से सौंदर्यकरण किया गया है। इसके साथ ही तहसील के बाहरी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त भी किया गया है, जिससे परिसर का स्वरूप और अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक हो गया है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि “स्वच्छ रुड़की, सुंदर रुड़की” की दिशा में यह कार्य मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि नगर में निरंतर विकास कार्यों को गति दी जा रही है और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि प्रशासन मुख्यमंत्री के विजन को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है और रुड़की तहसील में किए गए कार्य उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि जिले को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies