दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। रविदास धाम जनकल्याण ट्रस्ट के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष में शहर में भव्य और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नहर के नारा स्थित रविदास मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई।
यह शोभायात्रा सिविल लाइंस, मलकपुर चुंगी, शेरपुर माजरा, बेल्डा, ब्रह्मपुर और शंकरपुरी होते हुए हरिद्वार रोड स्थित अंबेडकर पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था, जो डीजे की देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े गीतों पर झूमते नजर आए।

शोभायात्रा के संयोजक एवं रविदास धाम के अध्यक्ष योगेश कुमार ने इस अवसर पर बड़ा बयान देते हुए कहा,“बाबा साहेब ने हमें संविधान के माध्यम से समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे का अधिकार दिया है। आज जरूरत है कि हम उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में शिक्षा और एकता को मजबूत करें। जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति सशक्त नहीं होगा, तब तक बाबा साहेब का सपना अधूरा रहेगा।”
उन्होंने कहा कि अंबेडकर जयंती केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का पर्व है। ट्रस्ट आने वाले समय में युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विशेष अभियान चलाएगा।इस अवसर पर रामकुमार सोनू, लाठी, अजीत मधुकर, कुलदीप कर्णवाल, सुभाष चौधरी, मुकेश कुमार, सरबजीत सिंह, अमरजीत, सुरेंद्र, मेनपाल सिंह, शुभम, सुनीता देवी, पूनम कर्णवाल, आजाद सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पूरे कार्यक्रम में उत्साह व अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies