दैनिक रुड़की (इकराम अली):
पिरान कलियर। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत एक संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को कर्नाटक के बैंगलोर से सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी महिला बच्ची को कपड़े दिलाने के बहाने रुड़की से ले गई थी और उसे बहला-फुसलाकर दिल्ली होते हुए कर्नाटक पहुंचा दिया था।
मामले में वादिया निवासी मुस्लिम नगर, बक्सी का तालाब थाना जानकीपुरम लखनऊ (हाल निवासी मुकर्बपुर कलियर, हरिद्वार) ने थाना पिरान कलियर में लिखित तहरीर दी कि 09.04.2026 को उसकी 14 वर्षीय पुत्री को पड़ोस में रहने वाली महिला कपड़े खरीदवाने के बहाने अपने साथ ले गई और वापस नहीं लौटी। इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक देहात व क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक पिरान कलियर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस की। संदिग्ध महिला की लोकेशन दिल्ली, लखनऊ, मध्यप्रदेश होते हुए अंततः बैंगलोर (कर्नाटक) में ट्रेस हुई, जबकि पीड़िता का मोबाइल स्विच ऑफ मिला।दिनांक 16.04.2026 को पुलिस टीम कर्नाटक पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी महिला को हिरासत में लेकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी महिला (निवासी याकूबगंज, फर्रुखाबाद, यूपी) ने बताया कि वह दरगाह क्षेत्र में भीख मांगकर गुजारा करती है। उसने बच्ची को बड़े शहरों में अधिक कमाई का लालच दिया और भीख मंगवाने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी का उद्देश्य बच्ची को गलत कार्य में धकेलना भी था।
समय रहते पुलिस की तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई।
पीड़िता की मां अत्यंत गरीब और बीमार है तथा भीख मांगकर बच्चों का पालन-पोषण करती है। उसे उम्मीद नहीं थी कि उसकी बेटी सकुशल वापस मिल पाएगी। पुलिस टीम के साथ बेटी को देखकर मां के चेहरे पर खुशी लौट आई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने त्वरित कार्रवाई के लिए पूरी टीम की सराहना करते हुए पीठ थपथपाई। स्थानीय लोगों ने भी हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा की।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी,वरिष्ठ उप देवेन्द्र सिंह तोमर, अपर उप निरीक्षक रामअवतार,हैड कांस्टेबल सोनू कुमार,महिला कांस्टेबल सरिता राणा शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies