दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की।रुड़की ब्लॉक के माधोपुर हजरतपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत पर शनिवार को प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम जांच के लिए पहुंची। जांच के दौरान संबंधित जिम्मेदार अधिकारी गांव में बनी सड़कों का स्पष्ट विवरण नहीं दे सके, जिस पर तहसीलदार ने उन्हें एक सप्ताह का समय दिया है।
गांव निवासी आदिल ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से शिकायत कर 32 विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाया था। इन कार्यों में मुख्य रूप से सड़कों का निर्माण, किसानों के खेतों में पाइपलाइन बिछाना, नाला खुदाई और तालाब का सौंदर्यीकरण शामिल हैं। शिकायत के आधार पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के अनुपालन में तहसीलदार विकास अवस्थी और खंड विकास अधिकारी सुमन दत्त कुटियाल अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। इस दौरान टीम ने मौके पर विकास कार्यों का सत्यापन शुरू किया, लेकिन संबंधित जिम्मेदार अधिकारी सड़कों के निर्माण संबंधी सटीक जानकारी नहीं दे पाए। उन्होंने खुद भी इस बात को स्वीकार किया कि उन्हें यह स्पष्ट नहीं है कि किन-किन स्थानों पर सड़कें बनाई गई हैं।
स्थिति को देखते हुए टीम ने फिलहाल नौ विकास कार्यों की ही जांच की। शेष कार्यों, विशेषकर सड़कों के संबंध में पुख्ता जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित को एक सप्ताह का समय दिया गया है।
तहसीलदार विकास अवस्थी ने बताया कि जांच किए गए कार्यों की रिपोर्ट ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को भेजी जाएगी। वहीं खंड विकास अधिकारी सुमन दत्त कुटियाल ने कहा कि शिकायत के आधार पर पहले भी कुछ कार्यों की जांच हो चुकी है और बाकी कार्यों की जांच भी जल्द पूरी की जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies