दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। बीएसएम डिग्री कॉलेज स्थित एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दुकान के अंदर से लगातार उठ रहे घने धुएं को देखकर लोगों ने आग की भयावहता का अंदाजा लगाया। मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
आग पर नियंत्रण पाने के लिए फायर ब्रिगेड कर्मियों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर पहुंचने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि दुकान में इंजन ऑयल सहित ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।
गौरतलब है कि बीते रोज भी रुड़की के विनय विशाल अस्पताल में आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार दूसरे दिन आसपास के क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं चर्चा का विषय बनी हुई हैं।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies