दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। शहर स्थित विनय विशाल अस्पताल में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगते ही अस्पताल के सभी फ्लोर पर धुआं फैल गया, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों में दहशत फैल गई। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब अस्पताल की विद्युत सप्लाई बंद हो गई और कई मशीनें अस्थायी रूप से ठप पड़ गईं।
घटना के दौरान अस्पताल प्रशासन ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। आईसीयू में भर्ती मरीजों के परिजन विशेष रूप से चिंतित नजर आए, क्योंकि ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य आवश्यक मशीनों के बंद होने से हालात भयावह हो गए थे। हालांकि स्टाफ की तत्परता से स्थिति को संभाला गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। जांच में सामने आया कि आग अस्पताल के फिजियोथैरेपी सेंटर में लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही कुछ तीमारदार अपने मरीजों को लेकर जल्दबाजी में बाहर की ओर भागते दिखाई दिए।प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
अस्पताल संचालक डॉ. विशाल घई ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। आईसीयू को दोबारा चालू कर दिया गया है और वेंटिलेटर सहित सभी आवश्यक उपकरण सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।फिलहाल राहत और बचाव कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies