दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर।दरगाह क्षेत्र में बिना बताए घर से निकले दो नाबालिग बच्चों को कलियर पुलिस और चाइल्ड लाइन यूनिट ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल उनके परिजनों से मिलवा दिया।

कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि हल्द्वानी के किदवई नगर बनफुलपुरा निवासी दो बच्चे अपने माता-पिता को बिना बताए ट्रेन से रुड़की होते हुए पिरान कलियर पहुंच गए थे। दरगाह क्षेत्र में दोनों बच्चों के घूमने की सूचना मिलने पर पुलिस और चाइल्ड लाइन टीम मौके पर पहुंची और बच्चों को अपने संरक्षण में लिया।पूछताछ में बच्चों ने अपने नाम हसनैन निवासी किदवई नगर बनफुलपुरा हल्द्वानी और अयान निवासी प्रेमनगर,लोनी गाजियाबाद बताए।
उन्होंने बताया कि वे बिना परिजनों को सूचना दिए घर से निकल आए थे।और इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चों के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें सूचना दी। बाद में दोनों बच्चों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस व चाइल्ड लाइन टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। टीम में कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी, हेड कॉन्स्टेबल जयप्रकाश, रविन्द्र बालियान और जमशेद अली शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies