
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
हरिद्वार। लघु उद्योग भारती, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बिजय सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जनपद की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के पदाधिकारियों ने आज जिलाधिकारी हरिद्वार को उनके आवास कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा। उद्यमियों ने पिछले कुछ महीनों से श्रमिकों के शोषण के नाम पर बाहरी व्यक्तियों द्वारा औद्योगिक इकाइयों के बाहर किए जा रहे फर्जी धरना प्रदर्शनों पर कड़ा रोष व्यक्त किया और इस माहौल को उद्योग जगत के लिए घातक बताया।

अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के समक्ष यह मुद्दा उठाया कि यदि किसी इकाई के विरुद्ध कोई वास्तविक शिकायत है, तो उसके लिए संबंधित विभाग में शिकायत का मार्ग उपलब्ध है। लेकिन ऐसे व्यक्ति, जिनका संस्थान से कोई संबंध नहीं है, उनके द्वारा गेट पर धरना देकर अराजकता फैलाना और औद्योगिक शांति भंग करना पूरी तरह गलत है। उद्यमियों ने मांग की कि उद्योगों को सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि जिले का निवेश और रोजगार प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल सक्षम अधिकारियों से बात की और इस विषय में उचित व त्वरित वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती से केतन भारद्वाज (जिलाध्यक्ष, रुड़की), मनोज गौतम (जिलाध्यक्ष), विनीत धीमान (जिला महामंत्री, सिडकुल), और अशोक शुक्ला (जिला महामंत्री, हरिद्वार ग्रामीण) उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी बी.बी. गुप्ता, सुनील पांडे, गौतम कपूर, हिमेश कपूर, कुलतेज बग्गा सहित मनोज मिश्रा, सुखदेव सिंह, परमिंदर शर्मा और अनुज चौहान आदि उद्यमी भी शामिल हुए।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies