दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
देहरादून। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 106 उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण किए हैं। यह कार्रवाई स्थानांतरण नीति के तहत की गई है। जिसमें निर्धारित समयावधि पूर्ण कर चुके अधिकारियों को पर्वतीय और मैदानी जिलों के बीच पारस्परिक रूप से बदला गया है।

जारी आदेश के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में तैनात उपनिरीक्षकों को नई तैनाती दी गई है। लंबे समय से मैदानी क्षेत्रों में कार्यरत उपनिरीक्षकों को पर्वतीय जिलों में और पर्वतीय क्षेत्रों में तैनात कर्मियों को मैदानी जनपदों में भेजा गया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह निर्णय जनपदों में उपलब्धता और रिक्त पदों के सापेक्ष संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। स्थानांतरण प्रक्रिया में आनुपातिक समयावधि का विशेष ध्यान रखा गया है ताकि दोनों क्षेत्रों में पुलिस बल का समुचित वितरण सुनिश्चित हो सके।
आदेश में संबंधित उपनिरीक्षकों को उनके नाम के सम्मुख अंकित जनपदों में तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का मानना है कि इस कदम से पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था और मजबूत होगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies