News

09-04-2026 15:27:53

भाकियू (तोमर) का बिजली विभाग पर जोरदार घेराव-16 घंटे निर्बाध आपूर्ति की मांग-सौंपा ज्ञापन..

दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::



रुड़की। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने आज बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हाल के दिनों में बिजली बिलों में भारी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, जिससे किसान वर्ग गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। संगठन ने मांग की कि विभाग विशेष कैंप लगाकर त्रुटिपूर्ण बिलों को तत्काल दुरुस्त करे। साथ ही छोटे बकाया भुगतान के नाम पर किसानों का उत्पीड़न बंद किया जाए और बिना पूर्व सूचना बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई रोकी जाए।

नलकूप (ट्यूबवेल) के लिए बिजली आपूर्ति का मुद्दा भी प्रदर्शन के केंद्र में रहा। यूनियन ने मांग रखी कि सिंचाई और खेती की जरूरतों को देखते हुए किसानों को कम से कम 16 घंटे निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

कार्यकारिणी युवा प्रदेश अध्यक्ष सुमित उपाध्याय ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि 24 मार्च को उनकी अनुपस्थिति में विभागीय कर्मचारी मीटर उतारकर ले गए, जबकि न तो कोई सूचना दी गई और न ही नोटिस। उन्होंने कहा कि लगाया गया नया स्मार्ट मीटर पुराना और खराब है, जिसे किसान किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेंगे।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाकियू (तोमर) व्यापक जन-आंदोलन छेड़ेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन, प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव तालिब हसन, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष तस्लीम राव, जिला अध्यक्ष (कार्यकारिणी) समीर चौधरी, किसान मजदूर मोर्चा के जिला अध्यक्ष यूनूस प्रधान, जिला प्रभारी मुसीर, अभिषेक मुसीर, वीरेन्द्र पाल, अंशुल, उपाध्यक्ष अमित चौधरी, शौभित निरंकार, अमित शौरव सहित बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies