दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की।भारतीय शूटिंग बॉल टीम ने अंतरराष्ट्रीय फलक पर शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल के खिलाफ आयोजित द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज़ में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। 7 से 9 अप्रैल तक काठमांडू में खेली गई इस श्रृंखला में भारत ने मेज़बान नेपाल को 5-0 से करारी शिकस्त देकर क्लीन स्वीप किया। भारतीय दल ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया।
टीम की इस प्रचंड सफलता में कप्तान ध्रुवराज सिंह और उपकप्तान सूरज चौधरी की अहम भूमिका रही। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने अनुशासन, तालमेल और आक्रामक रणनीति का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कप्तान ध्रुवराज के आक्रामक खेल और सूरज चौधरी की रणनीतिक सूझबूझ के आगे नेपाली टीम टिक नहीं सकी। भारत ने सभी मुकाबलों में जीत दर्ज कर श्रृंखला अपने नाम की।
समापन समारोह में एशियाई शूटिंग बॉल महासंघ के महासचिव रवींद्र सिंह तोमर ने विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर केशव बिष्ट, मोहम्मद नज़ीर खान, जीतराज तोमर, डॉ. ओ. पी. माचरा और अतुल तोमर सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों की खेल भावना और प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे दक्षिण एशियाई खेलों के लिए सकारात्मक संकेत बताया।
उत्तराखंड के चार खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
इस ऐतिहासिक जीत में उत्तराखंड के चार खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा। उपकप्तान सूरज चौधरी के नेतृत्व कौशल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनके साथ हरिद्वार के सैम अली, पौड़ी गढ़वाल के अभिषेक कुमार और बालिका वर्ग में तनु शर्मा ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया।
शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल ने पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे राज्य के खेल इतिहास का स्वर्णिम क्षण बताया। कोषाध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने कहा कि शूटिंग बॉल भारत की माटी से जुड़ा पारंपरिक खेल है और उत्तराखंड में इसका स्तर तेजी से ऊंचा हो रहा है। आने वाले समय में राज्य से और भी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी उभरकर सामने आएंगे।इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देशभर के खेल प्रेमियों ने टीम और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies