News

09-04-2026 10:58:30

2027 विधानसभा चुनाव: रिपब्लिकन पार्टी (आठवले) और उत्तराखंड क्रांति दल में गठबंधन की संभावनाएं तेज

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं आगे बढ़ती दिख रही हैं। दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं के बीच राजधानी देहरादून में बैठक कर चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।

रिपब्लिकन पार्टी (आठवले) के प्रदेश अध्यक्ष सेठपाल सिंह ने बताया कि उनकी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ने की तैयारी में जुटी है और संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश की दस सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है और चुनाव से पूर्व किसी दल के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

इसी क्रम में सेठपाल सिंह ने यूकेडी के वरिष्ठ नेताओं काशी सिंह ऐरी और ललित बिष्ट से मुलाकात की। बैठक में चुनावी तालमेल, सीटों के बंटवारे और साझा रणनीति पर गंभीर चर्चा हुई। दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ने के प्रस्ताव पर सहमति जताई है। हालांकि सीटों के अंतिम बंटवारे को लेकर अभी कोई औपचारिक निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन कुछ सीटों पर आपसी समर्थन को लेकर सकारात्मक बातचीत बताई जा रही है।

बैठक में तराई क्षेत्र और हरिद्वार के ग्रामीण इलाकों को विशेष रूप से चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना गया। इन क्षेत्रों में संयुक्त रूप से संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर विचार किया गया।

मुलाकात के बाद सेठपाल सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, बेरोजगारी चरम पर है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है और सरकार इन मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश को मौजूदा परिस्थितियों से बाहर निकालने के लिए यूकेडी और उनकी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में मिलकर उतरने की तैयारी कर रहे हैं। यदि यह गठजोड़ औपचारिक रूप लेता है तो राज्य की राजनीति में एक नए विकल्प के रूप में उभर सकता है। इस दौरान प्रदेश सचिव देवेंद्र सिंह, हेमन्त चौधरी,जयवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies